आजमगढ़। चुनाव चिह्न का आवंटन होते ही नगरपालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में प्रचार का शोरगुल शुरू हो गया। हर प्रत्याशी देशभक्ति गीतों को प्रचार का माध्यम बनाए है। हर मोहल्लों में प्रत्याशियों की भागदौड़ शुरू हो गई है। पहले खाली हाथ प्रचार करने वाले प्रत्याशियों के हाथ में अब हैंडबिल आ चुकी है।
नामांकन के बाद शुक्रवार को प्रत्याशियों में प्रतीक चिह्न आवंटन का कार्य पूरा हो गया। पंजीकृत पार्टियों के प्रत्याशी पहले ही चुनाव निशान के साथ प्रचार कर रहे थे लेकिन अब निर्दल प्रत्याशी भी अपने चुनाव निशान के साथ मैदान में कूद पड़े हैं। पहले यह निर्दल प्रत्याशी खाली हाथ समर्थकों के साथ लोगों से मिलकर अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करते दिखाई दे रहे थे। लेकिन अब उनके और समर्थकों के हाथों में हैंडबिल आ चुकी है। वह जिससे भी मिल रहे हैं उसे हैंडबिल देना नहीं भूल रहे हैं। अगर वह भूल गए तो उनके समर्थक उन्हें हैंडबिल पकड़ाना नहीं भूल रहे हैं। साथ ही हर दो तीन घर के बाद उनके छोटे-छोटे पोस्टर चिपके हुए हैं। इसके साथ ही प्रत्याशियों की गाड़ियों पर लगे माइक में देशभक्ति के गीत बज रहे हैं। बीच-बीच में प्रत्याशियों का नाम और चुनाव चिह्न बताकर लोगों से उन्हें मतदान करने की अपील की जा रही है। इन गीतों के जरिए प्रत्याशी नगरपालिका से भ्रष्टाचार मिटाने और देश भक्ति की बात कर रहे हैं।