जहानागंज/मेजवां। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इसमें एक युवक हत्यारोपी था और 20 दिन पहले ही जेल से छूटा था। जबकि दूसरा युवक मानसिक रूप से बीमार था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहली घटना जहानागंज थाना क्षेत्र के बड़ौरा खुर्द गांव की है। जहां सोमवार की सुबह शौच के लिए निकले लोगों ने नहर के किनारे नीम के पेड़ से एक युवक का लटकता हुआ शव देखा। लोगों ने इसकी सूचना गांव के प्रधान गोपी यादव को दी। ग्राम प्रधान ने फोन के जरिये थाने को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में उक्त युवक की शिनाख्त मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बरवा चकिया गांव निवासी डब्ल्यू यादव (27) के रूप में हुई। जो लगभग 20 दिन पूर्व हत्या के एक मामले में जेल से छूटा था। थानाध्यक्ष जहानागंज वीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि डब्ल्यू यादव 302 के मामले में सजा काटकर लगभग 20 दिन पूर्व ही जेल से रिहा हुआ था। रिहा होने के बाद यह अभी तक घर नहीं गया था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
कनेरी में मानसिक बीमार व्यक्ति ने फंदा लगाकर दी जान
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कनेरी गांव का है। गांव निवासी अवधेश पांडेय उर्फ बबलू (40) पुत्र परशुराम ने रविवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक अविवाहित था और उसकी मानसिक स्थिति काफी दिनों से ठीक नहीं थी। उसका पूरा परिवार नोएडा में रहता है। घर पर वह अकेले ही रहता था। रविवार की रात उसने घर का दरवाजा बंद कर फंदा लगा लिया। शव के पास से एक सुसाइड नोट भी पुलिस ने बरामद किया है। जिसमें उसने अपनी मर्जी से खुदकुशी करने बात लिखी है। सोमवार की सुबह लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विषाक्त पदार्थ के सेवन से युवक की मौत
बलरामपुर। मऊ जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के वलीदपुर गांव में एक युवक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत गंभीर देखते ही रिश्तेदार उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के डीहथान गांव निवासी सोनू राजभर (20) पुत्र श्याम प्रकाश सोमवार की सुबह 10 बजे मऊ के मोहम्मदाबाद वलीदपुर पहुंचा। यहां उसकी जिस लड़की से शादी होनी थी उससे मिलने की मांग करने लगा। मना करने पर जहर खा लिया, हालत गंभीर देखते ही लोगों ने मोहम्मदाबाद प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, जहां डाक्टर ने रेफर कर दिया। लोग उसे लेकर जिला अस्पताल आए जहां इलाज के दौरान सोमवार की दोपहर साढ़े तीन बजे उसकी मौत हो गई। युवक की शादी आठ फरवरी को होने वाली थी। दो माह पूर्व शादी के लिए मुंबई से घर आया था। मुंबई में लिफ्ट चलाने का काम करता था। वह तीन भाई और चार बहनों में पांचवें नंबर पर था।
किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
अतरौलिया। थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में एक किशोरी ने सोमवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक किशोरी का नाम निर्जल निषाद (16) था और वह कक्षा 10 की छात्रा थी। सोमवार को उसने घर के जंगले से दुपट्टे के सहारे लटककर जान दे दी। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। उसके पिता मजदूरी करते है व माता गृहिणी है। मृतका दो भाई व अकेली बहन थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।