आजमगढ़। मंडल के दो जनपदों में दो उपकेंद्रों का निर्माण होगा। शासन से इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। अब अपनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बिजली उपकेंद्रों के स्थापना का काम शुरू कराएगा। दोनों उपकेंद्रों की स्थापना में 10.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
शासन की तरफ से बिजनेस प्लान 2025-26 के तहत बिजली व्यवस्था में सुधार सहित अन्य कार्य कराए जाने के लिए कार्ययोजना मांगी गई थी। शासन के निर्देश के क्रम में मुख्य अभियंता वितरण ने मंडल के सभी खंडीय कार्यालयों से कार्ययोजना मांगा। इसके क्रम में आजमगढ़ जनपद के चतुर्थ वितरण खंड फूलपुर से 550 लाख से 10 एमबीए के 33/11 उपकेंद्र की स्थापना के लिए प्रस्ताव भेजा गया था।
मऊ प्रथम से भी 530 लाख से 10 एमबीए के 33/11 उपकेंद्र की स्थापना का प्रस्ताव आया था। मुख्य अभियंता ने दोनों उपकेंद्रों की स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। अब शासन की तरफ से दोनों उपकेंद्रों की स्थापना की मंजूरी दे दी गई है। आजमगढ़ और मऊ में उपकेंद्रों की स्थापना होने से इससे जुड़ने वाले 50 से अधिक गांवों के उपभोक्ताओं को लाभ होगा। उनको लो वोल्टेज, ट्रिपिंग जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी। विभाग विभागीय प्रक्रिया पूरी कर जल्द काम शुरू कराएगा।
आजमगढ़ और मऊ जनपद में 10 एमबीए के दो उपकेंद्रों की स्थापना का प्रस्ताव नए बिजनेस प्लान में आया था। इसको शासन को भेजा गया था। दोनों उपकेंद्रों की स्थापना की स्वीकृति मिल चुकी है। विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।-राजेश तिवारी, अधिशासी अभियंता।