पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य योजना के तहत रविवार को विकास खंड फूलपुर के दीदारगंज खरसहनकला गांव में पशु चिकित्सा शिविर में बीमार मवेशियों की जांच की गई। साथ ही आवश्यक दवाओं का भी नि:शुल्क वितरण हुआ। ब्लाक प्रमुख अर्चना यादव ने शिविर का फीता काट कर उद्घाटन किया। चिकित्सा शिविर के दौरान लगभग 190 मवेशियों की जांच करने के साथ ही आवश्यक दवाओं का भी वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि मवेशियों की समय-समय पर जांच कराना जरूरी है। उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एके अवस्थी ने बताया कि पशुओं के लिए विभाग द्वारा खुरपका और मुंहपका रोग से बचाव के लिए टीकाकरण कार्यक्रम की शुरूआत 15 मार्च से हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने पशुधन बीमा योजना की भी विस्तार से जानकारी दी और बताया कि इस योजना की अंतिम तिथि 31 मार्च तक है। इस योजना के तहत पशु पालक को मात्र 25 रुपये का प्रीमियम देना होगा। प्रीमियम की शेष धनराशि सरकार वहन करेगी। इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार सिंह, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. धर्मेश चौहान, डॉ. अजीत आर्या, राजकमल, धर्मेंद्र कन्नौजिया, पशुधन प्रसार अधिकारी सुरेश यादव, एकादंबरी सिंह, पूनम मिश्रा, प्रधान प्रदीप वेनवंशी, मनीष सिंह, राधेश्याम यादव, इंद्रपति सेवक, अंबिका गुप्ता आदि मौजूद रहे।