आजमगढ़। आयुक्त ग्राम्य विकास उप्र लखनऊ पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा शुक्रवार की देर शाम सर्किट हाउस में प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत दरियापुर में आवास निर्माण की प्रगति निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष असंतोषजनक पाई गई। इस पर उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा में आयुक्त ने पाया कि ग्राम पंचायत अधिकारी रविकेश यादव द्वारा शासन की शीर्ष प्राथमिकता श्रेणी से आच्छादित प्रधानमंत्री आवास योजना में अनवरत निर्देश के बाद भी आवासों की पूर्णता में लापरवाही और शिथिलता बरती गई है। इस पर उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्र को उन्हें निलंबित करने का निर्देश दिया। बैठक की समाथ्प्त के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी ग्राम पंचायत अधिकारी फूलपुर रविकेश यादव को निलंबित करते हुए मुहम्मदपुर विकास खंड से संबद्घ कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने सहायक विकास अधिकारी पंचायत महाराजगंज को प्रकरण की छानबीन कर तीन सप्ताह में आरोप पत्र गठित करने का निर्देश दिया। इसके बाद उनके द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण और बचाव पक्ष पर नियमानुसार जांचकर जांच आख्या उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।