आजमगढ़। निकाय चुनाव की तिथि नजदीक आते देख सभी पार्टियों के के जिले के दिग्गज नेता मैदान में उतर चुके हैं। पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशी के पक्ष में मैदान पूरी ताकत लगा रहे हैं। उनकी ओर से जगह-जगह प्रचार करने के साथ ही नुक्कड़ सभाएं भी की जा रही हैं।
निकाय चुनाव सिंबल पर होने के कारण पार्टियों ने काफी देर से अपने प्रत्याशियों की घोषणा की। हर नेता ने अपने चहेते प्रत्याशी को टिकट दिलाने में अपनी महती भूमिका अदा की। टिकट मिलने के बाद अब इन नेताओं के कंधों पर उक्त प्रत्याशी को जीत दिलाने की जिम्मेदारी आ चुकी है। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 नवंबर को स्वयं जनसभा करने के लिए डीएवी मैदान में आने वाले हैं। इसका प्रोटोकाल भी आ चुका है। कांग्रेस की ओर से जिले के पूर्व सांसद डा. संतोष सिंह मैदान में उतर चुके हैं। सपा के आजमगढ़ नपा क्षेत्र के लिए पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने अपने चहेते प्रत्याशी को टिकट दिला दिया। अब वह उसके पक्ष में हवा बनाने के लिए मैदान में उतर चुके हैं। अपने समर्थकों के साथ वह जहां लोगों से जनसंपर्क कर रहे हैं वहीं जनसभा के माध्यम से भी सपा के उम्मीदवार को जिताने की अपील कर रहे हैं। यही हाल अतरौलिया नगर पंचायत का भी है जहां सपा राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री बलराम यादव ने अपने चहेते उम्मीदवार को टिकट दिलाया। अब वह उसकी जीत के लिए पूरा जोर लगाए हैं। बलराम के साथ ही उनके पुत्र डा. संग्राम यादव भी सपा के प्रत्याशी को जीत दिलाने में जुटे हुए हैं। वहीं बसपा की ओर से कोई भी बड़ा नेता अभी तक मैदान में नहीं उतरा है। अभी तक किसी बड़े नेता के आने की संभावना भी नहीं जताई जा रही है। लेकिन सूत्रों की मानें तो पूर्व सांसद अकबर अहमद डंपी 17 नवंबर को जनपद पहुंचेंगे और 18 नवंबर से वह बसपा प्रत्याशी के पक्ष में हवा बनाने का कार्य करेंगे।