निजामाबाद। हरिजन बस्ती से सेट विवादित पोखरी के नीलामी को रोकने की मांग को लेकर गुरुवार को तहसील क्षेत्र फैजुल्लापुर हरिजन बस्ती के ग्रामीणों ने निजामाबाद तहसील के गेट पर प्रदर्शन किया। बाद में उपजिलाधिकारी निजामाबाद अनिल कुमार सिंह को ज्ञापन सौंप न्याय की गुहार लगाई।
फैजुल्लापुर की हरिजन बस्ती से सटे विवादित पोखरी नंबर 611 की गुरुवार को निजामाबाद तहसील में मत्स्य पालन के लिए नीलामी होने वाली थी। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी हुई तो हरिजन बस्ती के ग्रामीण निजामाबाद तहसील पहुंचे और नारेबाजी शुरु कर दी। ग्रामीणों के प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी निजामाबाद से ग्रामीणों ने शिकायत की। बताया कि पोखरी में गांव के लोगों के घरों का पानी जाता है। लेकिन कुछ दबंगों ने पोखरी में मिलने वाली नाली को बंद कर दिया है। मछली पालन के लिए पोखरी की नीलामी होना हरिजन बस्ती के हित में नहीं है। ग्रामीण ने कहा कि अगर निलामी नहीं रोकी गई और गलत तरीके से इसकी निलामी की गई तो जिलाधिकारी कार्यालय में धरना दिया जाएगा। इस मौके पर जयमुखी, रामाधार, लवकुश, कैलाश, महेंद्र, रमेश, उमेश, लाल बहादुर, हरिश्चंद्र, चंद्र मोहन, सविता, कमलेश, मुन्नीलाल, चंद्रेश, मेवालाल, अमरदीप, तिलकधारी, बनवारी, शकुंतला आदि मौजूद रहे।
पोखरे की जमीन पर रास्ता बनाने के विरोध में प्रदर्शन
सगड़ी । तहसील क्षेत्र के बालापुर गांव में पोखरी की जमीन पर तहसील प्रशासन द्वारा रास्ता बनाने के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों ने पोखरी के सामने डीह स्थान पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने तत्काल रास्ते का निर्माण रुकवाने की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि गाटा संख्या 108 में पोखरी है और पोखरी पर छोटे-छोटे पेड़ लगे थे। एसडीएम के आदेश पर लेखपाल और गांव के ही कुछ लोगों ने पेड़ों को काट दिया और रास्ता बनाने की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि पोखरे की जमीन पर रास्ता बनने से से लोगों को परेशानी होगी। प्रदर्शन करने वालों में बृजेश कुमार, प्रदीप यादव, पिंटू, उमेश, कतवारू, हरेंद्र, मंजू, प्रदीप मिश्र, प्रमोद मिश्र, विजय मिश्र, राजकुमार यादव आदि उपस्थित थे।