आजमगढ़। हुनर संस्थान के हुनरबाजों ने एक बार फिर अपने हुनर से जनपद की प्रतिभा का लोहा मनवाया है। एक सितंबर से 12 सितंबर तक कटक ओड़िसा में आयोजित इंटरनेशनल थियेटर ओलंपियाड आल इंडिया ड्रामा एंव डांस कंपटीशन में कलाकारों ने कई पुरस्कार जीते। शनिवार को जनपद पहुंचने पर रेलवे स्टेशन पर स्थानीय लोगों ने कलाकारों का भव्य स्वागत किया।
प्रतियोगिता में प्रस्तुत नाटक %सैयां भए कोतवाल% के शानदार मंचन और %बेस्ट ह्यूमरस प्ले% में सुनील दत्त विश्वकर्मा ने बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और नेहा वर्मा ने बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड प्राप्त किया। फोक डांस के ग्रुप डांस में महुआ झरे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य में आकाश गोंड़ ने द्वितीय, करन सोनकर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रीय स्तर पर रंगमंच के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए सुनील दत्त विश्वकर्मा को %नेशनल एक्सीलेंसी अवार्ड% से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से उत्साहित संस्थान अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि ये जीत आजमगढ़ की है। इस समारोह में विभिन्न भाषाओं के 70 नाटक, 1500 के लगभग डांस हुए। इसमें 10 देशों की टीमों ने भी प्रतिभाग किया था। इस 34 सदस्यीय दल में हेमंत श्रीवास्तव, गौरव मौर्य, डा. शशि भूषण शर्मा, सत्यम शर्मा आदि शामिल थे। कलाकारों की इस उपलब्धि पर डा. पीयूष सिंह यादव, रमाकांत वर्मा, राजेंद्र प्रसाद यादव, अजेंद्र राय, विजय सिंह, राघवेंद्र सिंह, इंदिरा देवी, नीलिमा श्रीवास्तव आदि ने बाधाई दी है।