सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस के मौके पर एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह पहुंचे और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम के दौरान थाने पर कुल दस शिकायतें पड़ी। जिसमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जबकि शेष लंबित मामलों का निस्तारण जल्द करने का निर्देश दिया। एसपी ग्रामीण ने समाधान दिवस के शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निस्तारण कराने का निर्देश दिया। लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की भी चेतावनी दी।
समाधान दिवस के अवसर पर एसपी ग्रामीण को जमीन डोरवा गांव निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत की कि चकमार्ग पर अवैध कब्जा किया गया है। अतिक्रमणकारी मान नहीं रहे हैं। तहसीलदार सगड़ी पीके राय ने टीम बनाकर कानूनगो लेखपाल और पुलिस बल को भेजकर चकमार्ग से अतिक्रमण हटवाया। इसके अलावा कस्बा निवासी गंगोत्री देवी पत्नी स्वर्गीय रामविलास गुप्ता की जमीन पर उनके देवर द्वारा अतिक्रमण किए जाने पर शिकायत की गई। इस बारे में दोनों पक्षों को समझाबुझा कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया गया। जीयनपुर कस्बा निवासी संतोष पुत्र शिवपूजन जयसवाल के मकान का ताला तोड़कर एवं मकान में हिस्सा ना देने के लिए शिकायती पत्र प्रार्थना पत्र दिया गया। जिस पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इस मौके पर तहसीलदार सगड़ी पीके राय, कोतवाल मंजय सिंह ,कांनूगो ओम प्रकाश गुप्ता, राम लखन गोंड़, खुरमुल्ली गुप्ता आदि मौजूद रहे।
वहीं अतरौलिया थाने में शनिवार को उपजिलाधिकारी बुढ़नपुर इंद्रभान तिवारी एवं प्रभारी निरीक्षक शिशिर त्रिवेदी की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन कियागया। 14 मामले आए। जिसमें छह मामलों का निस्तारण किया गया। विकासखंड अतरौलिया के सेल्हरापट्टी ग्राम में मोहर्रम में उठने वाली ताजिया के जुलूस के रास्ते के मामले को लेकर उठे विवाद को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी इंद्रभान तिवारी तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिर त्रिवेदी राजस्व एवं पुलिस दल बल के साथ गांव में पहुंचे तथा दोनों पक्षों को समझा-बुझा कर मामले का निस्तारण किया।