आजमगढ़। कमिश्नर के रविंद्र नायक ने स्वतंत्रता दिवस पर मंगलवार को कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। सामूहिक राष्ट्रगान के बाद राष्ट्रीय ध्वज का लोगों ने अभिवादन किया। सभागार में आयोजित रंगारंग कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि पूर्वजों की इस विरासत को रचनात्मक, सकारात्मक कृत्यों के माध्यम से अक्षुण्य बनाए रखना हम सबका परम कर्तव्य है। हम सबका फर्ज है कि समाज में फैली कुरीतियों और बुराइयों को दूर करें। इस दौरन अपर आयुक्त प्रशासन राजेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त औषधि राजीव बिंदल, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जिला कमांडेंट होमगार्ड डीएन सिंह, डीआईजी स्टांप अनिल सिंह, प्रशासनिक अधिकारी दीपचंद आदि उपस्थित थे।
वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने ध्वजारोहण किया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को शपथ दिलाई कि वह हिंसा का सहारा नहीं लेंगे, अपनी बातों को संवैधानिक ढ़ंग से रखेंगे और देश की एकता, अखंडता और सौहार्द के लिए सक्रिय सहयोग करेंगे। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लालचंद्र तिवारी को सम्मानित किया। सभाकक्ष में आयोजित गोष्ठी में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि हमें खुले दिमाग और पूर्व संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। अपर जिलधिकारी वित्त एवं राजस्व बीके गुप्ता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवकुश त्रिपाठी, मुख्य राजस्व अधिकारी आलोक कुमार ने भी संबोधित किया। डिप्टी आरएमओ राजू पटेल ने देशभक्ति गीत, राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्रा राधा और अनुपमा वर्मा ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ गीत और अरविंद मौर्या ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। संतोष यादव ने संचालन किया।
महिला अस्पताल में आयोजित हुआ बेबी शो
जिला महिला चिकित्सालय में बेबी शो का आयोजन किया गया जिसके विजेताओं को जिलाधिकारी ने पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अपना कर ही हम अपने बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य दे सकते है। स्वयं के स्वच्छता के साथ-साथ हमें अपने आस-पास की स्वच्छता पर सभी नागरिकों को सक्रिय सहयोग देना होगा। इस अवसर पर सीएमओ डा. एसके तिवारी, अपर मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. बीके अग्रवाल, चिकित्साधीक्षिका डा. अमिता अग्रवाल, डा. नीरज वर्मा, डा. यूबी चौहान आदि उपस्थित थे।
होमगार्डों ने निकाली जनजागृति रैली
मंडलीय कमांडेंट रणजीत सिंह के नेतृत्व में मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र (होमगार्ड) की ओर से शहर में जन जागृति रैली निकाली गई। रैली होमगार्ड आफिस से निकलकर रैदोपुर, तिरंगा चौराहा होते हुए आयुक्त कार्यालय होते हुए पुन: होमगार्ड आफिस पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से होमगार्डों ने लोगों को नदियों की साफ-सफाई, स्वच्छ परिवेश और पौधरोपण को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर जिला कमांडेंट डीएन सिंह और कमांडेंट प्रशिक्षण केंद्र मारकंडेय सिंह उपस्थित थे।