तहबरपुर। क्षेत्र के भड़सरा खालसा गांव से वाराणसी के लिए रोडवेज बस को शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पिछड़े इलाके में रोडवेज की बस सेवा का संचालन शुरु होने से लोगों में हर्ष है।
शुक्रवार को भड़सरा खालसा गांव से वाराणसी के लिए रोडवेज बस को रवाना करने से पहले विजय बहादुर पाठक के पिता राधेश्याम पाठक ने विधि-विधान से पूजन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय ने फीता काटा और विजय बहादुर पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रोडवेजबस को रवाना किया। नेताओं ने उक्त बस से कोई नहां बाजार तक यात्रा भी की। बता दें कि उक्त बस प्रतिदिन सुबह साढ़े छह बजे भड़सरा खालसा गांव से रवाना होगी। जो कप्तानगंज, मंदुरी, तहबरपुर, निजामाबाद होते हुए वाराणसी जाएगी। इसके बाद प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में पौधे लगाए गए। इस दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री ने विद्यालय को गोद लेने की घोषणा की। कहा कि 15 दिन के अंदर विद्यालय की सभी समस्याओं का निस्तारण कर दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रधान राजेश उपाध्याय, क्षेत्रीय महामंत्री विनोद कुमार राय, आशुतोष कुमार राय, रविशंकर त्रिपाठी, ब्रजेश यादव, श्रीकृष्ण पाल, माहेश्वरी पांडेय सहित एआरएएम अंबेडकर डीपो ललित श्रीवास्तव, रोडवेज के कर्मचारी आदि मौजूद रहे।