रानी की सराय। कस्बे में धूल और प्रदूषण के कारण बाजारवासियों का सांस लेना दूभर हो गया है। काफी दिनों से परेशानी झेल रहे बाजारवासियों ने बुधवार को अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराने के लिए पीएचसी पर लाइन लगा दी। इस दौरान चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें धूल से बचने की सलाह दी।
रानी की सराय कस्बा आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर स्थित है। कस्बे में राष्ट्रीय राज्य मार्ग की हालत काफी खस्ता है। सड़क में बने गड्ढ़ों को पीडब्ल्यूडी ने ईंट के टुकड़ों और मिट्टी से भर दिया। लेकिन अब यह ईंट के टुकड़े और मिट्टी बाजारवासियों की मुसीबत बन गए है। गाड़ियों के आवागमन से हय पावडर की शक्ल धारण कर चुके हैं। गाड़ियों के आवागमन पर यह उड़कर लोगों की दुकानों और घरों में पहुंच रहे हैं। जिसके कारण लोगों का बाजार में रहना दूभर हो गया है। वर्तमान में पीडब्लूडी द्वारा पटरियों पर साफ सफाई का कार्य कराया जा रहा है। जिससे उड़ने वाली धूल के कारण लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है। लोग दुकानों पर मास्क लगाकर बैठने को मजबूर हैं। इसका इंतजाम न होने से बाजारवासियों में रोष व्याप्त है। बुधवार को कस्बे के व्यापारियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य पहुंच कर डाक्टर को दिखाने के लिए पर्ची कटवाई और बारी बारी से अपना चेकअप करवाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी आरएस मौर्य ने बताया लगभग 150 लोगों ने ओपीडी के लिए पर्ची कटवाया। एक दर्जन लोग धूल के कारण पीड़ित पाए गए। बाकी सभी सामान्य थे। कुछ लोग मौसमी बीमारी के कारण पीड़ित थे। उन लोगों को दवा भी दी गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने सभी को धूल से बचने की सलाह दी है।