आजमगढ़। राजकीय बालिका इंटर कालेज के डीआईओएस कार्यालय के सामने स्थित छात्रावास पर ही नहीं बल्कि कई अन्य भवनों पर भी काफी दिनों से कब्जा है। डीआईओएस कार्यालय के बगल में स्थित पुराने छात्रावास जर्जर छात्रावास में जहां जेडी कार्यालय के कई कर्मचारी वर्षों से कब्जा जमाए है तो वहीं प्रधानाचार्य आवास पर स्वयं जेडी का कब्जा है।
राजकीय बालिका इंटर कालेज की स्थापना छात्राओं को बेहतर शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए हुई थी। विद्यालय परिसर में डीआईओएस कार्यालय के सामने बने छात्रावास पर जहां कुछ वैध तो कुछ अवैध कब्जेदार कब्जा जमाये हुए है तो वहीं पुराने जर्जर हो चुके छात्रावास में संयुक्त शिक्षा निदेशक जेडी और सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक के कर्मचारी कब्जा जमाए हुए है। जेडी कार्यालय में कार्यरत लिपिक बृजलाल, कंप्यूटर आपरेटर सनी के साथ ही जेडी साहिबा का प्राइवेट वाहन चालक बहादुर कब्जा किए हुए है। वहीं प्रधानाचार्य आवास पर संयुक्त शिक्षा निदेशक जेडी का तब से कब्जा है जब से आजमगढ़ को मंडल मुख्यालय का दर्जा मिला और जेडी की यहां तैनाती हुई। अब जीएम को पत्र लिखकर नये छात्रावास को खाली कराने की कवायद शुरू कर दी है।
कोट-
नया-पुराना छात्रावास विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्राओं के लिए बना है। इसमें अन्य किसी को रहने का कोई हक नहीं है, भले ही वह शिक्षा विभाग का कर्मचारी ही क्यों न हो। जहां तक प्रधानाचार्य आवास पर जेडी के कब्जे की बात है तो वे उच्चाधिकारी है, इस पर मैं कुछ भी नहीं कर सकता हूं। छात्रावासों से कब्जा हटवाने के लिए डीएम को पत्र लिखा जा चुका है। -डॉ. वीके शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक, आजमगढ़।