आजमगढ़। कृषि उत्पादन मंडी समिति में बुधवार को ई-नाम दिवस मनाया गया। एसएएमआई मोहित सिंह ने किसानों को ई-नाम योजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना भ्रष्टाचार मुक्त है।
उन्होंने कहा कि इस योजना में किसान अपनी फसल का उचित मूल्य बिना किसी परेशानी के बिक्री कर पाता है। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होती है। सबसे पहले किसान के माल को एक यूनिक कोड दिया जाता है, उसके बाद उसके माल का परखिकरण किया जाता है। उसे गुणवत्ता के आधार पर ग्रेड दिया जाता है। अंत में फसल का मूल्य सीधे किसान के खाते में जाता है। वहीं सब-मिशन आन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजना के अंतर्गत बुधवार को विकास खंड हरैया के ग्राम-बातन में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिसमें डा. पंकज सिंह उप परियोजना निदेशक आत्मा ने किसानों को मिट्टी की जांच कब क्यों और कैसे करें और उसका नमूना लिए जाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। तकनीकी प्रबंधक सुरेश मौर्य ने किसानों से पंजीकरण कराकर सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाए जाने के लिए प्रोत्साहित किया। सहायक विकास अधिकारी कृषि अनिल कुमार ने राजकीय बीज गोदाम पर उपलब्ध कृषि निवेशों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर कृषक राम विजय सिंह, मास्टर जगधर प्रसाद, कामता प्रसाद, रामजीत यादव, खिलाड़ी आदि किसान और कृषि विभाग के लोग उपस्थित रहे।