मुबारकपुर। कस्बे के शाह मुहम्मदपुर स्थित मदरसा बाबुल इल्म के मैदान में मंगलवार को दंगल कमेटी मुबारकपुर के तत्वधान में एक विशाल आल इंडिया विराट दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें देश के कई प्रांतों के पहलवानों ने भाग लेकर अपने दमखम का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बिहार, दिल्ली, हरियाणा, गोरखपुर, बनारस, सहारनपुर, जौनपुर, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया के पहलवानों ने हिस्सा लिया। जिसमें सशस्त्र सीमा बल दिल्ली के पहलवान संदीप और जौनपुर के निगम के बीच दस मिनट का हुआ मुकाबला काफी रोमांचक रहा और बराबरी पर छूटा। दूसरा मुकाबला सशस्त्र सीमा बल के ही पहलवान किशन और मुजफ्फरपुर बिहार के अब्दुल्ला के बीच हुआ जिसमें निर्धारित चार मिनट की कुश्ती में तीसरे मिनट में ही किशन ने अब्दुल्ला को पटखनी दे दी। बिहार के फिरोज और आजमगढ़ के जयसिंह के बीच हुए मुकाबले में जयसिंह विजयी रहे। सहारनपुर के वकार और आजमगढ़ के प्रमोद के बीच हुए मुकाबले में प्रमोद की जीत हुई। वहीं सुनील जौनपुर बनाम इंशा सहारनपुर, रामनयन मऊ बनाम राजबहादुर जौनपुर, दीपक गोसाईगंज बनाम भैयालाल नीबी, सुजीत जौनपुर बनाम अजीत मऊ के मुकाबले बराबरी पर छूटे। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष विजय शंकर यादव और आयोजन कमेटी के लोग मौजूद रहे। संचालन नीबी अखाड़े के पहलवान और संचालक अवधेश यादव ने किया। इस मौके पर हाजी अली इमाम, अब्बास, शमीम, सभसाद इम्तेयाज अहमद आदि उपस्थित थे।