आजमगढ़। रेलवे की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छ परिसर दिवस के मद्देनजर शुक्रवार को गोरखपुर से पहुंचे अधिकारियों ने स्टेशन परिसर पर स्वच्छता संबंधी जानकारी ली और जांच की। इस दौरान मिली कमियों पर नाराजगी जताते हुए स्टेशन अधीक्षक को इसे तत्काल दूर कराने की हिदायत दी।
गोरखपुर से पहुंचे डिप्टी चीफ विजिलेंस रेलवे आकाश गुप्ता ने अन्य अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान स्टेशन परिसर में स्वच्छता की स्थिति देखी। वेटिंग रूम में पंखे की ऊंचाई ज्यादा पाए जाने पर इसे नीचे कराने को कहा। प्लेटफार्म पर शेड से पानी टपकता देख नाराजगी जताई और कमी को दूर कराने को कहा। शौचालय आदि में सफाई ठीक मिली, लेकिन इसे और बेहतर कराने की नसीहत दी गई। साफ-सफाई के सभी मानकों का परीक्षण कर अपेक्षित कार्यवाही करने को कहा। इस दौरान उन्होंने बताया कि स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक बाबू राम, आरपीएफ थाना प्रभारी आरबी सिंह आदि भी मौजूद रहे।