आजमगढ़(ब्यूरो)। बहुजन मुक्ति पार्टी के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट कचहरी स्थित रिक्शा स्टैड पर मंडल कमीशन अधिकार दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन भाषण में पूर्व बेसिक शिक्षाधिकारी नागसेन भास्कर ने कहा कि मंडल कमीशन द्वारा प्राप्त अधिकारों से ओबीसी को बड़ा नुकसान हुआ, क्योंकि ओबीसी को 52 प्रतिशत जो आरक्षण मिला था वह आज भी नहीं मिला। ओबीसी को केवल 27 प्रतिशत ही आरक्षण दिया गया।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा.ओम प्रकाश कुशवाहा ने कहा कि मंडल कमीशन पूरी तरह से लागू हो गया होता तो इस देश का शासक ओबीसी होता। आज सामान्य वर्ग को 50.50प्रतिशत आरक्षण मिला हुआ है।अर्थात 15 प्रतिशत आवादी वाले पचास प्रतिशत और 85 प्रतिशत वालों को 49.50 प्रतिशत आरक्षण शासक वर्ग की बड़ी धोखेबाजी है। मंडल अध्यक्ष लाल बहादुर शास्त्री ने कहा कि शासक वर्ग धोखाधड़ी से सत्ता में आ गए हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान ने कहा कि शासक वर्ग द्वारा पिछले वर्ग का इस्तेमाल करके चुनाव जीतना और बाद में उन्हें उनके हक और अधिकार से वंचित कर देना लंबे समय से चलता आ रहा है। सतिराम प्रजापति ने कहा कि भारत में ईवीएम के माध्यम से भाजपा, कांग्रेस चुनाव कराकर लोकतंत्र की हत्या कराना चाहते है। कार्यक्रम में अधिवक्ता शमशाद अहमद, रामनयन चौहान, दयाशंकर, जिलाध्यक्ष दुर्ग विजय यादव आदि उपस्थित रहे।