आजमगढ़। निजीकरण के विरोध में दो दिवसीय हड़ताल के बाद बिजली महकमे ने बकाया वसूली की कवायद तेज कर दिया है। बकायेदारों की बत्ती गुल करने के साथ ही चोरी से बिजली जलाने वालों पर मुकदमा भी दर्ज कराया जा रहा है। शुक्रवार को शहर में दस तो मेंहनगर में आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया।
शहर के मड़या मुहल्ले में जबरदस्त अभियान चलाया गया। यहां छह लोग चोरी से बिजली का उपभोग करते पाए गए। जिनके खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया गया। वहीं तिवारीपुर में चलाए गए अभियान के दौरान चार लोग बिजली का प्रयोग कटिया कनेक्शन के माध्यम से करते पाए गए। इनके खिलाफ भी सिधारी थाने में एसडीओ प्रथम वीरेंद्र सिंह ने मुकदमा पंजीकृत कराया। मेंहनगर संवाददाता के अनुसार तहसील क्षेत्र में अवर अभियंता रवि राव के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान आठ लोग चोरी से बिजली का उपभोग करते पाए गए। जिनके खिलाफ मेंहनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही 16 बकाये दारों की बत्ती काटी गई।