लाटघाट/सगड़ी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जो अपने पिता और चाचा का नहीं हुआ वह आजमगढ़ की जनता का क्या होगा। पहले पिता से उनकी पार्टी छिनी अब उनके संसदीय क्षेत्र पर भी कब्जा कर लिया। इस गठबंधन में न तो भगवान सुरक्षित हैं और न ही महिलाएं। उत्तर प्रदेश में हम अब तक आठ सीटें जीत चुके हैं, इसमें जीरो जोड़ जनता 80 सीटें दिलाने का कार्य करेगी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को सगड़ी विधानसभा के स्मिथ इंटर कालेज अजमतगढ़ में भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कमल पर बटन दबाना आतंकवाद का गला दबाने के बराबर है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मनमोहन नहीं हैं जो सेना को हथकड़ी लगाकर रखें। 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री ने सेना को खुली छूट दे रखी है। आजम खान के बयान पर कहा कि जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी का उन्हें जवाब मिलेगा। वन मंत्री दारा सिंह चौहान व भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव ने भी सभा को संबोधित किया।