मुुबारकपुर। कस्बा के पुरा खिजिर मुहल्ले में ढहीं नाली को ठीक करने की कवायद रविवार को शुरू हो गई है। नपा प्रशासन के कर्मचारी सुबह ही मौके पर पहुंचे और पटिया को तोड़ कर क्षतिग्रस्त हुई दीवार को सहीं करने की कवायद में जुट गए।
पुरा खिजिर मुहल्ले में पानी निकासी के लिए नाला बना हुआ है। सड़क से सट कर गुजरे इस नाले को बाकायदा पटिया रख कर ढंका भी गया है। मानक की अनदेखी कर बने नाले की दीवार एक स्थान पर ढह गई। जिससे जहां नाला जाम हो गया तो वहीं नाले के बगल की सड़क भी धीरे-धीरे धंस कर खराब होने लगी। अमर उजाला ने शनिवार के अंक में खुले पड़े नाले तो कहीं टूटी नालियां शीर्षक से इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर छपते ही नपा प्रशासन जाग गया और क्षतिग्रस्त हुए नाले की दीवार को ठीक कराने की कवायद रविवार को शुरू करा दिया। रविवार को सुबह मौके पर पहुंची नपा की टीम ने पहले नाले पर ढाली गई पटिया को तोड़ना शुरू किया। इसके बाद नाले की दीवार बना कर पुन: पटिया ढालने की कवायद की जाएगी। ईओ राजपति अविचल ने बताया कि क्षतिग्रस्त नाले को ठीक कराने के साथ ही खराब हुई सड़क की भी रिपेयरिंग करायी जाएगी।