आजमगढ़। लोकसभा चुनाव 2019 में जनपद की दोनों लोकसभा सीटों के लिए 12 मई को मतदान होना है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर हाल ही में पूरे हुए मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बाद जिले में एक लाख 32 हजार मतदाता बढ़े। इसमें 49,660 युवा मतदाताओं के नाम जोड़े गए जो पहली बार वोट करेंगे। पहली बार मतदाता बने ये युवा जितना उत्साहित हैं, इन्हें लुभाने में सत्ताधारी दल भी आगे दिख रहे हैं। भाजयुमो की ओर से लोकसभावार युवा सम्मेलन शुरू किया जा चुका है। अन्य दलों की ओर से भी पुरजोर प्रयास शुरू होने की उम्मीद है।
इस बार लोकसभा चुनाव में जनपद की दोनों लोकसभा सीटों पर कुल 34,97,317 मतदाता मतदान करेंगे। इसमें लालगंज लोकसभा क्षेत्र के कुल 17, 26, 680 मतदाताओं में 9,20,894 पुरुष मतदाता और 8,05,746 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के कुल 17,70,637 मतदाताओं में से 9,62,889 पुरुष और 8,07,674 महिला मतदाता। इनके अलावा लालगंज में 40 और आजमगढ़ में 74 अन्य मतदाता भी दर्ज हैं। चुनाव आयोग के निर्देश पर पिछले दिनों चलाए गए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार करीब 1,32,000 मतदाता बढ़े। इसमें 18-19 साल यानी युवा मतदाताओं की संख्या 49,660 है। युवा मतदाताओं के साथ ही आधी आबादी जिसकी दोनों लोकसभा क्षेत्रों में कुल संख्या 16,13,420 की भी सशक्त भागीदारी होगी। हालांकि मतदान के दौरान इनका प्रतिशत काफी कम रहता है लेकिन निर्वाचन आयोग द्वारा महिला मतदाताओं को मतदान के प्रेरित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में युवा वोटरों की संख्या 49,660 है। अभी इनके द्वारा आवेदन किए जा रहे हैं। आगे चलकर यह संख्या और बढ़ेगी।