आजमगढ़। सभी ब्लॉकों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर गुरुवार को अन्न प्राशन दिवस का आयोजन किया गया। छह माह के सभी बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार पूरा किया गया।
महाराजनंज ब्लॉक के मुडीलपुर आंगनबाड़ी केंद्र पर सुपरवाइजर सरस्वती देवी ने माताओं को छह माह के बच्चों को ऊपरी आहार की सही मात्रा और भोजन कराने का तरीका बताया। स्वास्थ्य कार्यकर्ता चंपा देवी ने गर्भवती महिलाओं से कहा कि स्वस्थ भारत की शुरूआत स्वस्थ बच्चे से होती है। इसलिए छह माह तक शिशु को सिर्फ माँ का दूध पिलाना चाहिए। स्तनपान कराने से मां और बच्चे के बीच भावनात्मक लगाव बढ़ता है। बच्चे में रोग प्रति रोधक क्षमता बढ़ती है। जन्म के एक घंटे के अंदर नवजात को स्तनपान कराने से शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इंदु देवी ने बताया कि नवजात शिशु के लिए मां का पहला दूध ही उसका संपूर्ण आहार होता है। विटामिन और आयरन की गोली भी नियमित रूप से लेनी चाहिए।