सरायमीर। सामाजिक संस्था यूथ डेवलपमेंट आर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में सोमवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय सरायमीर के परिवार में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें 11 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
छह हिंदू जोड़ों का विवाह पंडित राम शिरोमणि और पांच मुस्लिम जोड़ों का निकाह हाफिज कमरूज्जमा ने कराया। मुख्य अतिथि हाफिज इल्तिफात अहमद ने कहा कि समाजसेवा से मिले सुख को शब्दों में बयां करना संभव नहीं। हम पुण्य करने की बात सोचते हैं जबकि सबसे बड़ा पुण्य कन्यादान है। एक जोड़े को मिलाने वालों से ईश्वर खुश होता है। समाज के लोगों से निवेदन करता हूं कि कम से कम दस जोड़ों का विवाह हर वर्ष अवश्य कराएं। भाजपा सांसद नीलम सोनकर, पूर्व सांसद संतोष सिंह कहा कि इस तरह के कार्य में हर समाज के लोगों को आगे बढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। संस्था की ओर से सभी जोड़ों को सिलाई मशीन, पायल, पंखा, रजाई, गद्दा, चादर, तकिया, जूता, चप्पल, बड़ी पेटी, लड़के एवं लड़कियों का कपड़ा, डिनर सेट, मेकअप सेट, छोटा गैस सिलेंडर, चूल्हा, 10 किग्रा मिठाई आदि आवश्यक सामान दिया गया। इस मौके पर पूर्व मंत्री हीरालाल गौतम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हवलदार सिंह, ओबैदुर्रहमान, इश्तेयाक अहमद, अखिलेश जायसवाल, कलीम महाप्रधान, सलाहुद्दीन शेख, बासदेव यादव, रणजीत कुमार आदि उपस्थित थे। वसी सिद्दीकी ने सभी का आभार व्यक्त किया।