सठियांव। जनपद की इकलौती औद्योगिक ईकाई द किसान सहकारी चीनी मिल की ओर से शासन के निर्देशानुसार 16 नवंबर को पेराई सत्र 2017-18 की शुरुआत कर दी जाएगी। प्रबंधन की ओर से टर्बाइन टेस्ट के साथ लगभग एक लाख 11 हजार कुंतल गन्ना सप्लाई की पर्ची मंगलवार को मिल गेट और सेंटर के लिए जारी कर दी गई।
मिल के प्रधान प्रबंधक वीके अबरोल और उपसभापति पराग यादव के अनुसार 16 नवंबर को साढे़ 11 से 2.40 बजे के अंदर का शुभ मुहूर्त है। विधि-विधान से दो गाड़ी गन्ने के साथ जिलाधिकारी की उपस्थिति में मंत्रोच्चार के बीच पूजन होगा। मुख्य गन्ना अधिकारी एसके श्रीवास ने बताया कि मिल की ओर से इस बार 52 लाख कुंतल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है। जिले में 16938 हेक्टेयर रकबे में गन्ने की खेती की गई है। जिले से मिल को 40 लाख कुंतल गन्ना मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दूसरे पेराई सत्र के लिए 16 नवंबर को मिल गेट के लिए 25 हजार कुंतल, सेंटर के लिए साढ़े छह हजार क्विंटल गन्ने की सप्लाई पर्ची आवश्यकता के अनुसार जारी की गई है। 17 नवंबर को 16 क्रय केंद्र के साथ मिल गेट के लिए कुल 86 हजार कुंतल और 18 नवंबर को कुल 75 हजार कुंतल गन्ना सप्लाई के लिए पर्ची मिल संसाधन की ओर से किसानों को भेज दी गई है। प्रधान प्रंबधक और मुख्य गन्ना अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि साफ-सुथरे गन्ने की सप्लाई करें। गन्ना सप्लाई के बाद एक पखवारे के भीतर मिल किसानों का भुगतान उनके खाते से शुरू कर देगी ।