लाटघाट (ब्यूरो)। सगड़ी तहसील में घाघरा नदी की बाढ़ से घिरे गांवों के संपर्क मार्ग पानी में डूब गए हैं। जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। प्रशासन की ओर से अब तक नाव आदि की व्यवस्था नहीं की गई है।
घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने से देवारा खास राजा, चक्की, बांका बुढ़नपट्टी, शाहडीह, सोनौरा सहित करीब आधा दर्जन गांवों का संपर्क मार्ग डूब गए हैं। संपर्क मार्ग डूबने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं हाजीपुर पुलिस के पास घाघरा के पानी के चलते पुलिया की सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं देवाराखास राजा के अभनपट्टी, सोनौरा, शाहडीह के पास छोटे-छोटे नालों में भी पानी भरकर ओवरफ्लो होकर मार्गो पर बह रहा है। जिससे लोग पैदल भी नहीं जा पा रहे हैं। क्षेत्र के गोदई, मिठाई, विनोद विश्वकर्मा, छेदी यादव आदि ने बताया कि घाघरा का जलस्तर बढ़ने से संपर्क मार्ग डूब गए हैं। जिससे आवागमन बाधित है। वहीं प्रशासन की ओर से नाव की अभी तक व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने तत्काल नाव की व्यवस्था कराने की मांग की है।
पशुओं के टीकाकरण का निर्देश
लाटघाट(ब्यूरो)। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. विनोद कुमार सिंह और अजमतगढ़ पशु चिकित्सा अधिकारी डा. चौधरी चरण सिंह यादव ने गुरुवार को महुला-गढ़वल बांध पर बाढ़ चौकियों का निरीक्षण किया। अपने मातहतों को घाघरा नदी व महुला गढवल बांध के बीच में पशुओं का टीकाकरण करने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि यदि एक भी पशु बिना टीकाकरण के रहा तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।