आजमगढ़। जमीन दिलवाने के नाम पर 16.50 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद पिता राम अरज यादव और अभय यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित मनोज कुमार सिंह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में एएसआई (जीडी) के पद पर तैनात हैं। दीदारगंज थाना क्षेत्र के गोसड़ी गांव निवासी मनोज कुमार सिंह वर्तमान में कालीचौरा रैदोपुर में मकान नंबर 168 वार्ड नंबर 9 में रहते हैं। उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि साल 1993 में पुलिस भर्ती के दौरान उनकी पहचान रामअरज यादव से हुई थी। साल 2019 में मुलाकात के दौरान रामअरज यादव ने अपने बेटे अभय यादव के माध्यम से आजमगढ़ में सस्ती जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि विश्वास में लेकर अभय यादव ने यूपीआई, चेक और आरटीजीएस के माध्यम से कई किश्तों में करीब 16.50 लाख रुपये अपने और एक परिचित महिला के खाते में जमा करा लिए। रकम लेने के बावजूद न तो जमीन उपलब्ध कराई गई और न ही रुपये वापस किए। रुपये मांगने पर सिर्फ आश्वासन मिलता रहा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि सितंबर 2025 में आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से अप्रैल 2026 तक पूरी रकम लौटाने का वादा किया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच करके आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।