मुबारकपुर। नवागत सीएमओ डॉ. एके मिश्रा शनिवार को पदभार ग्रहण करने के बाद रविवार की शाम मुबारकपुर कस्बे में पीलिया पीड़ितों का हाल जानने पहुंचे। उनके साथ स्वास्थ्य महकमे की पूरी टीम पहुंची थी। इस दौरान सीएमओ ने पीलिया का मुख्य कारण लोगों में जागरूकता के अभाव को बताया। इसके लिए मस्जिदों और मदरसो से जागरूकता फैलने की अपील की गई।
मुबारकपुर कस्बे में डेढ़ माह से पीलिया का प्रकोप फैला हुआ है। नपा व स्वास्थ्य महकमा द्वारा पीलिया पर लगाम लगाने की सारी कवायद अब तक फेल ही साबित हो रही है। अब तक आठ लोगों की पीलिया से मौत हो चुकी है। इसके साथ ही प्रतिदिन नये मरीज सामने आ रहे है। मुबारकपुर पहुंचे सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने सीएचसी पर भर्ती मरीजों से मिल कर उनका हाल भी लिया। इसके साथ ही कस्बा वासियों, सभासदों व पूर्व चेयरमैन के साथ बैठक कर पीलिया पर नियंत्रण के मुद्दे पर चर्चा की। इसके पश्चात वे कस्बे का चक्रमण किए और स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक किए गए प्रयासों के बारे में लोगों की राय भी लिया। सीएमओ ने बताया कि पीलिया पर नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह से कटिबद्घ है। फिलहाल पीलिया पर अब तक नियंत्रण न होने के पीछे जो प्रमुख कारण सामने आया है वह जागरूकता का आभाव है। इसके लिए स्वास्थ्य महकमा अब नये सिरे से प्रयास शुरू करेगा। पीलिया से बचाव के तरीकों की पर्ची का वितरण कराया जायेगा। इसके साथ ही कस्बा स्थित मस्जिदों व मदरसों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। बड़ी अर्जेंटी स्थित मस्जिद के मौलाना से प्रतिदिन सुबह मस्जिद से ही जागरूकता के उपायों का प्रचार-प्रसार कराने की अपील की गई। जिसे मौलाना से स्वीकार भी कर लिया है। सीएमओ ने मुबारकपुर में कहा कि वे किसी भी दोषारोपण करने के बजाय, पीलिया पर कंट्रोल का सार्थक प्रयास करेंगे। लेकिन उन्होंने कारणों का पता लगाने के बात को टाल गए। इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय, मनीष तिवारी, सीएचसी प्रभारी डॉ. सी यादव, पूर्व चेयरमैन डॉ. शमीम समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
नहीं पहुंचे ईओ और चेयरमैन
आजमगढ़। सीएमओ डा. एके मिश्रा के मुबारकपुर पहुंचने की सूचना नगर पालिका प्रशासन को भी थी। इसके बाद भी ईओ राजपति अविचल व चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी अब्दुल मजीद नहीं पहुंचे। नपा के प्रतिनिधि के रुप में सिर्फ कुछ सभासद ही सीएचसी पर हुई बैठक में मौजूद रहे।
फिर दो नये मरीज मिले
मुबारकपुर। डेढ़ माह से पीलिया की मार झेल रहे मुबारकपुर कस्बा वासियों को अब तक इससे मुक्ति नहीं मिल सकी है। रविवार को भी दो नये मरीज सामने आये। इनमें रोडवेज निवासी 30 वर्षीय सुधीर व नूरपुर बुतात निवासी 18 वर्षीय कोयल शामिल है। दोनों का जिला अस्पताल पर ही इलाज चल रहा है।