आजमगढ़। पुलिस ऑफिस, पुलिस लाइन समेत शहर कोतवाली और सिधारी थाना की बिजली कभी भी गुल हो सकती है। इन पर बिजली विभाग का करीब दो करोड़ रुपये का बिल बकाया है। बिजली विभाग जल्द ही इस पर कार्रवाई कर सकता है। शासन के निर्देश पर बिजली विभाग एक बार फिर बकाया वसूली की कवायद में जुट गया है। आम जनता के साथ ही सरकारी कार्यालयों पर विभाग की टेढ़ी नजर है। ऐसे ही बड़े बकायेदारों में पुलिस विभाग भी शामिल है। एसडीओ प्रथम अजय कुमार मिश्रा के अनुसार पुलिस ऑफिस, पुलिस लाइन, शहर कोतवाली व सिधारी थाने का ही बकाया 1.96 लाख है। इसके अलावा जेल पर 46 लाख और महिला व जिला अस्पताल पर 92 लाख का बकाया है। बकाया वसूली के लिए विभाग को कई बार नोटिस भेजी जा चुकी है। शासन से सख्त निर्देश है कि जो भी सरकार कार्यालय बकाया बिल नहीं जमा कर रहे हैं, उनकी लाइन काट दी जाए। बकाया वसूली को लेकर सक्रिय हुए विभाग ने शनिवार को ही पीडब्लूडी गेस्ट हाउस, पीडब्लूडी ऑफिस, कृषि महाविद्यालय व सिंचाई विभाग कार्यालय व आवास की लाइन काटने की कार्रवाई की। पीडब्लूडी गेस्ट हाउस व ऑफिस पर 85.75 लाख, कृषि महाविद्यालय पर 40 लाख व सिंचाई विभाग कार्यालय व आवास पर 72 लाख का बकाया था। विभाग द्वारा शुरू की गई इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में भी हड़कंप मच गया है।