बूढनपुर। तहसील क्षेत्र के कोयलसा गांव में स्थित गांधी शताब्दी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को अध्यापकों द्वारा छात्र की पिटाई करने से नाराज छात्रों ने शनिवार को विद्यालय गेट में ताला जड़ दिया। करीब 45 मिनट बाद प्रभारी निरीक्षक अतरौलिया के आश्वासन पर ताला खोल दिया।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि महाविद्यालय में शुक्रवार को तीन बाहर युवक आकर उद्दंडता की और भाग गए। जबकि अध्यापकों ने कालेज मेें पढने वाले छात्र पवन यादव को पीट दिया। पवन ने बताया कि उसे अकारण पीटा गया है। इससे नाराज छात्र शनिवार को 10.30 बजे विद्यालय के मुख्य गेट में ताला जड़ दिया। गेट में ताला बंद होने से बाहर के छात्र बाहर और भीतर के भीतर ही रह गए। हंगामा होने की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अतरौलिया शिशिर त्रिवेदी और एसओ कप्तानगंज दीनानाथ पांडेय पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक अतरौलिया के आश्वासन पर 45 मिनट बाद ताला खोल दिया गया।