आजमगढ़। मनमानी फीस आदि को लेकर निजी विद्यालय संचालकों के शोषण के खिलाफ उत्तर प्रदेश अभिभावक महासंघ के नेतृत्व में भारत रक्षा दल, नारी शक्ति संस्थान, जागो युवा सेवा संस्थान और प्रयास सामाजिक संगठन के पदाधिखारियों की ओर से शनिवार को कलक्ट्रेट के सामने सामूहिक विरोध-प्रदर्शन किया गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी प्रशासन को सौंपा।अभिभावक महासंघ के सचिव राकेश मौर्य ने बताया कि निजी विद्यालयों की ओर से हाईकोर्ट के आदेश का निरंतर अवहेलना किया जा रहा है। इससे अभिभावकों का शोषण हो रहा है।महासंघ ने जिला प्रशासन से हाईकोर्ट के आदेश को पूर्ण रूप से अमल में लाने, शिक्षा और बच्चों की सुरक्षा नियमावली का पालन कराने, बढ़ती स्कूल फीस पर तत्काल रोक लगाने, एनसीआरटी की पुस्तकों को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की। चेतावनी दी कि अगर जिला प्रशासन प्रकरण को गंभीरता से नहीं लेगा तो महासंघ आंदोलन करने को बाध्य होगा। राकेश, चन्दन सिंह, डिम्पू सिंह, बजरंग, राजीव तलवार, विनीत सिंह रीशू, सौरभ तिवारी, अभिषेक आदि मौजूद रहे।