आजमगढ़। जागो युवा सेवा संस्थान द्वारा गंदगी पर वार कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे अभियान के तहत इस बुधवार को नगर के नरौली तिराहा स्थित तिरंगा पार्क की साफ-सफाई की गई। इस दौरान पार्क से शराब की बोतलें मिलने पर कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व सादाब अहमद ने किया। संगठन के संयोजक विनीत सिंह रिशु ने कहा कि तिरंगा पार्क हमलोगों को गौरवान्वित करने वाला तिराहा है। लेकिन उस पार्क स्थल की इतनी खराब हालत नगर पालिका की कलई खोल रहा है। इसकी सफाई के दौरान शराब की बोतलें मिली हैं जो शर्मनाक है। जबकि उस चौराहे पर 20 घंटे से ज्यादा पुलिस तैनात रहती है। नरौली पार्क में लगा तिरंगा पिछले तीन माह से खंडित ही लहराया जा रहा है। इस बाबत हमने कई बार पालिका को सूचित किया लेकिन न तो प्रशासन और न ही पालिका प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। अगर 26 जनवरी से पहले नया तिरंगा नहीं लगाया गया तो हम सभी कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर इसका विरोध करेंगे। इस अवसर पर आलोक सिंह, अमन रावत, ऋषभ पांडेय, चंद्रकांत उपाध्याय, रितेश सिंह, शैलेंद्र सिंह, नंदलाल चौहान, चंदन सिंह, शौर्य सिंह, सुरेंद्र यादव, शादाब अहमद, अटल, कासिफ आदि उपस्थित थे।