लाटघाट। चने की बुुआई के लिए किसानों को कृषि रक्षा इकाई का चक्कर काटना पड़ रहा है। क्योंकि कृषि रक्षा इकाई पर बीज तो उपलब्ध है लेकिन शर्त ऐसी है कि जिसे सुनने के बाद किसानों के पसीने छूट रहे हैं।
मंगलवार को कृषि रक्षा इकाई हरैया पर चने का बीज लेने के लिए किसान बैठे हुए थे। कृषि रक्षा इकाई पर चने का बीज था। लेकिन किसानों को नहीं मिल रहा था। क्योंकि इसकी शर्त थी 40 किग्रा मटर का बीज लेने पर छह किग्रा चने का बीज फ्री दिया जा रहा था। एक बोरी मटर के बीज की कीमत दो हजार रुपये थी। जिसके कारण कोई भी किसान इसे लेने को तैयार नहीं था। किसानों का कहना था कि हमें चना बीज बोना है तो मटर का बीज ले कर क्या करेंगे। हरैया ब्लाक में चार तकनीकी सहायक हैं। जबकि 19000 किसानों का रजिस्ट्रेशन कृषि रक्षा इकाई पर अभी तक हुआ है। पूरे ब्लाक में लाखों किसान हैं अब तक केवल 23 किसान बीज गोदाम तक पहुंच पाए हैं। किसानों का कहना है कि तकनीकी सहायक और गोदाम इंचार्ज द्वारा चने का बीज किसानों को ना देकर बेच दिया जाता है। गोदाम इंचार्ज रामाश्रय का कहना है कि एक बोरा मटर के बीज का दाम 2000 है। एक बोरा मटर का बीज लेने पर ही 6 किग्रा चने का बीज फ्री मिलेगा। किसान राजेंद्र, चंद्रबली साहनी निवासी देवारा खास राजा, नानक निवासी हरैया, श्री राम निवासी देवारा खास राजा आदि किसानों का कहना है कि हमें चना बोना है तो मटर का बीज ले कर क्या करेंगे। इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी उमेश चंद गुप्ता ने कहा कि तकनीकी सहायक एक ग्राम सभा से 10 लोगों की सूची देगा। जिनको चने का बीज फ्री छह किग्रा प्रति किसान दिया जाएगा।