कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के नेवादा में तेज बारिश के कारण एक गरीब का कच्चा मकान शनिवार को धराशायी हो गया। दो दिन बीत जाने के बाद भी स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली। पीड़ित परिवार के साथ खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। पीड़ित ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
नेवादा गांव निवासी बालकिशुन पुत्र छोटेलाल अपने परिवार के साथ मजदूरी कर जीवन-यापन करता है। तेज बारिश के कारण शनिवार को उसका कच्चा आवासीय मकान गिर गया। पिछलेे तीन दिनों से वह अपने परिवार के साथ मकान के बाहर खुले आसमान के नीचे रह रहा है। अभी तक स्थानीय प्रशासन की ओर से उसे कोई मदद नहीं मिली है। पीड़ित बालकिशुन ने बताया कि इस घटना में राशन, कपड़ा, चारपाई, बर्तन सहित अन्य सामान दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। उसने बताया कि लगभग 25 हजार का नुकसान हुआ है। लेकिन प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली है। पीड़ित ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए मदद की गुहार लगाई है।