अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल बाजार स्थित खान चौक पर चिकन की दुकान बंद कराने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने भाजपा पिछड़ा मोर्चा के लालगंज जिलाध्यक्ष सुजीत जायसवाल ‘आशु’ समेत दोनों पक्षों के 16 लोगों को शांति भंग की आशंका में पाबंद किया है।
थानाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ-आठ लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है। बुधवार की रात खान चौक स्थित एक दुकान पर मुर्गे का मांस बेचे जाने की सूचना मिलने पर माहुल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची थी।
पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही दुकानदार दुकान बंद कर वहां से चला गया। इसी बीच भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुजीत जायसवाल ‘आशु’ भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक होने लगी। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया और मामला शांत कराया।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने भाजपा नेता सुजीत जायसवाल ‘आशु’ और दूसरे पक्ष के चिकन दुकानदार दिलावर समेत कुल 16 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्गा पूजा और रामलीला के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। किसी भी तरह का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में कार्रवाई की जा रही है।