लाटघाट। सगड़ी तहसील के हरैया ब्लाक सभागार में बुधवार को समस्त ग्राम पंचायत सचिव, स्वेच्छाग्रही और सफाई कर्मियों की समीक्षा बैठक एडीओ पंचायत भालचंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में ग्राम पंचायत की प्रगति और अपात्र लाभार्थियों की समीक्षा की गई।
एडीओ पंचायत ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अब कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर हाल में तय समय से पहले पूरे ब्लॉक को शत प्रतिशत ओडीएफ बनाने की जिम्मेदारी है। ग्राम पंचायत में कहीं पर भी मल नहीं दिखाई देना चाहिए और पूरी साफ सफाई होनी चाहिए। इसके साथ ही ग्राम पंचायत अजगरा मसर्की, हैदराबाद, उर्दीहा आदि की एसबीएम में जियो टैग की खराब प्रगति पर ग्राम पंचायत अधिकारी सभाराम वर्मा, रामविनय सिंह और सुरेंद्र राम को कड़ी चेतावनी देते हुए एक हफ्ते के अंदर स्थिति में सुधार लाने को कहा। कहा कि हरैया ब्लाक के लगभग 22 ग्राम पंचायत बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में आते हैं। यहां पर युद्ध स्तर पर लग कर शौचालय निर्माण कराएं। इन सभी ग्राम पंचायत में शत प्रतिशत शौचालय की धनराशि एक वर्ष पहले अवमुक्त कर दी गई है लेकिन स्थिति ठीक नहीं है। अगर एक बार बारिश शुरू हो जाती है तो शौचालय निर्माण कराना असंभव होगा और अगर कोई लाभार्थी शौचालय की धनराशि लेने के बावजूद भी शौचालय निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया है तो उनसे राजस्व विभाग की तरह वसूली करने के साथ ही सरकारी धन का दुरुपयोग करने के लिए प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी। इसके साथ ही 28 मई से नौ जून तक चलने वाले सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा के लिए सभी सफाई कर्मी अपने कार्य क्षेत्र में रहकर मुहिम को सफल बनाएं। अगर कोई कर्मचारी अपने कार्य क्षेत्र में नहीं मिलेगा या कार्य में लापरवाही करते हुए पाया जाएगा तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्वेच्छाग्रहियों को निर्देशित किया कि वह अपने स्वामित्व ग्राम पंचायत में डोर टू डोर जाकर शौचालय निर्माण के लिये प्रेरित करें और सफाई, सचिव के साथ मिलकर शौचालय पर कोड लिखवाते हुए जिये टैग की प्रगति बढ़ाएं। इस मौके पर ओडीएफ प्रभारी अरविंद सिंह, सचिव लाल बहादुर, अमरदीप शर्मा, खंड प्रेरक, हरिकेश यादव, वीर बहादुर सिंह, सर्वेश सिंह आदि उपस्थित थे।