आजमगढ़। आसमान से बरस रही आग से जनजीवन पूरी तरह से बेहाल हो चुका है। मंगलवार को पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। गर्मी के इस मौसम में मंगलवार का दिन सबसे गर्म रहा। आसमानी आग से बचने के लिए हर कोई जुगत में ही लगा नजर आये। जिसे जहां छांव मिली वहीं ठिठक कर राहत महसूस करने के बाद ही अपने गंतव्य को रवाना हुआ। वहीं भीषण पड़ रही गर्मी में शीतल पेय की दुकानों पर ठेलों पर लोगों की भीड़ उमड़ी नजर आयी।
आसमान से आग तो बीते कई दिनों से बरस रही है। पांच दिन पहले से ही पारा 40 के पारा 40 के पार चल रहा है। बीते तीन दिनों से पारा 43-44 दर्ज किया जा रहा था। मंगलवार को आसमान से बरस रही आग की तेजी एक कदम और आगे बढ़ कर 45 डिग्री को पार कर गई। मंगलवार का दिन इस गर्मी के मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। दिन भर लोग आसमानी आग से बचने की जुगत में ही लगे देखे गये। कार्यालयों में पहुंच गये कर्मी जहां बाहर निकलने का नाम नहीं ले रहे थे तो वहीं जिन्हे बहुत जरूरी काम था वह ही सड़क पर गुजर रहा था। भीषण गर्मी से जनमानस पूरी तरह से बेहला हो चुका है। परेशान हाल लोग गर्मी से बचने के लिए शीतल पेय पदार्थो की दुकानों पर जुटे नजर आये। नीबू पानी, बेल, आम के शर्बत के साथ ही सत्तू की दुकानों पर दिन भर रेला उमड़ा रहा। बिना पूरा शरीर ढंके कोई भी घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। सबसे बड़ी बात तो यह रही कि धूप निकलने के साथ ही उसकी तपन लोग महसूस करने लग रहे है। सूरज के ढलने के बाद भी कंकरीट के मकानों व सड़कों से निकल रही आंच लोगों को तपन का एहसास करा रहे है।
तीन दिन चलेगी गर्म हवाएं, चेतावनी जारी
आजमगढ़। आसमान से बरस रही आग के बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को चेतावनी भी जारी कर दी है। जिसके अनुसार 29 से 31 तक तेज गर्म हवाये चलेंगी। इन तेज गर्म हवाओं की जद में आजमगढ़ जिला भी शामिल है। राज्य मौसम पूर्वानुमान केंद्र लखनऊ के डायरेक्टर जेपी गुप्ता ने जिलाधिकारी कार्यालय को भेजे पत्र में यह जानकारी दी है। आजमगढ़ के साथ ही आसपास के जिलों में भी इस गर्म हवाओं का असर रहेगा।