सगड़ी। ब्रह्मौली रामगढ़ स्थित बाबा पातालनाथ मंदिर के बगल में बना पोखरा विदेशी पक्षियों से गुलजार है। सैकड़ों की संख्या में विदेशी पक्षियों ने यहां अपना डेरा डाल रखा है। ये पक्षी लोगों के कौतूहल का केंद्र बने हैं। पहली बार यहां पर विदेशी साइबेरियन पक्षी आकर विचरण कर रहे हैं।
मंदिर के पुजारी बाबा अमरनाथ गिरी ने बताया कि पक्षियों के कलरव से पोखरे की शोभा बढ़ गई है। पहली बार ऐसा हुआ है कि विदेशी पक्षी यहां पर आए हुए हैं। इन्हें देखने लोग भी आ रहे हैं। यहां पर विदेशी पक्षी अपने को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ लोगों का कहना है कि शिकारियों से बचने के लिए विदेशी पक्षी ताल सलोना से इधर-उधर पलायन कर रहे हैं। अजमतगढ़ स्थित ताल सलोना में शिकारियों की निगाह इन विदेशी पक्षियों पर रहती है। विदेशी पक्षियों का शिकार कर शिकारी मुंह मांगी कीमत में बेचते हैं। इसलिए यह पक्षी अब दूसरे स्थानों पर ठिकाना बना रहे।