अतरौलिया। हर हर महादेव और जय गोविंद के गगनभेदी उद्घोष के साथ पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने सोमवार को पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान शुरू होने से पूर्व 2100 दीपों के जरिए पवित्र सरोवर की आरती उतारी गई। स्नान के बाद बाबा गोविंद साहब की समाधि स्थल पर पूजन अर्चन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
गोविंद दशमी के मुख्य पर्व के पूर्व ही पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से श्रद्घालू जुटने लगे थे। मुख्य स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए अंबेडकर नगर जिले के आधा दर्जन से अधिक थानाध्यक्ष, फैजाबाद, सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी आदि जिले से आए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। रविवार शाम जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर सिंह मिंटू, मठ समिति के अध्यक्ष भगेलू दास, मेला समिति अध्यक्ष भौमेंद्र सिंह, बाबा वीरेंद्र दास आदि लोगों ने 2100 दीपों के जरिए गोविंद सरोवर की आरती उतारी थी। सोमवार को हर-हर महादेव और जय गोविंद के गगनभेदी उद्घोष के साथ श्रद्घालुओं ने सरोवर में डुबकी लगानी शुरू की। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। पवित्र सरोवर में स्नान के बाद श्रद्घालुओं ने महात्मा गोविंद साहब की समाधि पर मत्था टेका और खिचड़ी चढ़ाई। रविवार की रात दूर-दूर से पहुंचे श्रद्घालुओं ने वह लगे थियेटर, जादू के शो, सर्कस का आदि का आनंद लिया। दूसरे दिन सरोवर में स्नान कर बाबा पूजा अर्चना की और मेले में खरीदारी कर गन्ने के साथ वापस हुए।