मकान पर नाम चढ़ाने की एवज में पालिका अधिकारी के 1.60 लाख रुपये घूस लेने का वीडियो वायरल होने के प्रकरण में जांच अधिकारी प्रभारी ईओ एवं एसडीएम मार्टीनगंज ने रिपोर्ट तैयार कर ली है। बुधवार को मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी जाएगी। मामले में निर्णय जिलाधिकारी की ओर से लिया जाएगा।
शहर के चौक निवासी मो. अली के पुत्र अरमान ने पिछले दिनों एक वीडियो वायरल की थी। बताया गया था कि शहर स्थित एक मकान पर नाम चढ़ाने के एवज में उन्होंने पालिका के एक अधिकारी को तीन किस्तों में 1.60 लाख की घूस दी थी। घूस लेने के बाद भी पालिका अधिकारी की ओर से नाम नहीं चढ़ाया गया और न ही उसका धन ही वापस किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने नगर पालिका के प्रभारी ईओ एवं एसडीएम मार्टीनगंज प्रशांत कुमार को सौंपी थी। जांच मिलने के बाद पीड़ित मो. अली और आरोपी पालिका अधिकारी के बयान जांच अधिकारी की ओर से दर्ज किए जा चुके हैं। एसडीएम प्रशांत कुमार ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। बुधवार को इसे जिलाधिकारी को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद मामले में कार्रवाई उन्हीं के स्तर से की जाएगी।