मार्टीनगंज। तहसील क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य गांव चितारा महमूदपुर में मंलवार को सघन मिशन इंद्रधनुष के तहत टीकाकरण के लिए पहुंची टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। दो घंटे केे मशक्कत के बाद टीम को एसडीएम व पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने मुक्त किया। ग्रामीणों ने जहां बच्चों का टीकाकरण कराने से इंकार कर दिया वहीं टीकाकरण टीम में शामिल लोगों ने भी मुक्त होने के बाद राहत की सांस ली।
सीएचसी मार्टीनगंज के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. धनंजय पांडेय के नेतृत्व में मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण टीम मंगलवार को चितारा महमूदपुर गांव में टीकाकरण के लिए पहुंची। गांव में टीकाकरण के लिए पहुंची टीम को देखते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने जब लोगों को टीकाकरण के लिए समझाना शुरू किया तो ग्रामीण भड़क उठे। ग्रामीणों ने पूरी टीम को गांव स्थित मस्जिद के पास रोक कर बंधक बना लिया। इस पर चिकित्साधिकारी ने सूचना दीदारगंज थाना पुलिस के साथ ही एसडीएम को भी दिया। जानकारी होते ही दीदारगंज थाने के एसआई हरेंद्र सिंह मय दल बल मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में एसडीएम मार्टीनगंज इंद्रभान तिवारी भी आ गए। एसडीएम ने ग्रामीणों को टीकाकरण कराने के लिए काफी समझाया लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं हुए। ग्रामीणों का कहना था कि परिवार के लोग विदेश रहते है, उसकी अनुमति के बिना हम अपने बच्चों का टीकाकरण नहीं करायेंगे। इसके बाद एसडीएम व पुलिस टीम ने किसी तरह टीकाकरण करने गए बीस सदस्यीय टीम को मुक्त करा कर वापस ले आए। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि गांव-गांव जाकर टीकाकरण करने में टीम को ऐसी ही परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह तो ग्रामीण अभद्रता तक उतारु हो जाते है। उन्होंने कहा कि कई गांव के लोग टीकाकरण से एकदम इंकार कर दिया है।