आमजगढ़। जनपद में पीएसी की महिला बटालियन की स्थापना की कोशिश शुरू कर दी गई है। पीएसी मुख्यालय के महानिरीक्षक की ओर से जिला प्रशासन को पत्र भेजकर 75 से 100 एकड़ तक की भूमि उपलब्ध कराने को कहा है। यदि जिले में जमीन उपलब्ध हो जाती है तो पीएसी की महिला बटालियन के यहां स्थापना की कवायद शुरू कर दी जाएगी।
प्रदेश में कानून व्यवस्था का संभालने में पुलिस के साथ पीएसी का महत्वूर्ण यागदान होता है। दंगा, बवाल, चुनाव आदि में व्यवस्था बनाने में पीएसी महत्वपूर्ण योगदान देती है। अब पीएसी की महिला बटालियन के गठन की भी योजना बनाई गई है। प्रदेश में तीन स्थानों पर महिला बटालियन की स्थापना की जानी है। महिला बटालियन का नामकरण आजादी के आंदोलन में पराक्रम दिखाने वाली वीरांगनाओं के नाम पर किया जाएगा। सरकार ने इनके नाम वीरांगना अवंतीबाई, वीरांगना झलकारी और ऊदा देवी तय किए हैं। पीएसी मुख्यालय के महानिरीक्षक की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में महिला बटालियन की स्थापना के लिए 75 से 100 एकड़ तक की भूमि उपलब्ध कराने को कहा है। नजूल या ग्राम समाज की एक ही चक में जमीन उपलब्ध होने की दशा में चिह्नांकन कर खसरा-खतौनी की प्रतियां लखनऊ स्थित पीएसी मुख्यालय में मांगी गई है। यदि जनपद में इतनी जमीन मिली तो यहां भी पीएसी की महिला बटालियन की स्थापना की उम्मीद जताई जा रही है।