आजमगढ़। गणेश उत्सव के पर्व की पूर्व संध्या पर नगर के विभिन्न गणेश मंदिरों की साफ-सफाई कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। गणेश मंदिरों को फूल-मालाओं और विद्युत झालरों से सजाया गया था।
जिले में गणेश उत्सव 25 अगस्त को मनाया जाएगा। नगर के लालडिग्गी स्थित बड़ा गणेश मंदिर में गुरुवार को सुबह से ही सफाई का कार्य चल रहा था। मंदिर को फूल-मालाओं से सजाया गया। मान्यता है कि भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजन-अर्चन करने पर सभी अवरोध समाप्त हो जाते हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में निजामाबाद, फूलपुर, सरायमीर आदि स्थानों पर भी गणेश मंदिरों में साफ-सफाई के लिए लोग लगे रहे। बड़ा गणेश मंदिर के राजेश मिश्रा ने बताया कि गणेश उत्सव के दिन सुबह सात बजे से विधि विधान से भगवान गणपति का श्रृंगार किया जाएगा। जो दस बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम तक दर्शन-पूजन होगा। शाम को छह बजे हवन-पूजन और आरती के बाद रात में भंडारे का आयोजन कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर में पहुंच प्रसाद ग्रहण करने का आह्वान किया।