आजमगढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने आजमगढ़ रोडवेज की समस्याओं को लेकर लखनऊ में परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को ज्ञापन सौंपा। रोडवेज पर यात्रियों सहित अन्य लोगों को होने वाली समस्याओं से अवगत कराया।
भाजयुमों जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने परिवहन मंत्री को बताया कि आजमगढ़ जनपद में रोडवेज परिसर की व्यवस्था खस्ता-हाल है, रोडवेज की नई बिल्डिंग कई महीने से बनकर तैयार है, लेकिन अभी तक उसमें जो कार्यालय व दूकानें स्थानांतरित होनी थी, नही हुई है जिस कारण उसका संचालन ठीक प्रकार से नही हो पा रहा है। जिससे यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है। यही नहीं विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण बस चालक सड़कों पर ही बसों को खड़ा कर देते हैं, जिस कारण जाम लगने की समस्या आम हो गई है तथा यात्रियों को पता नही चल पाता है कि कौन सी डिपो की बस कहां खड़ी है। उन्होंने परिवहन मंत्री से रोडवेज कार्यालय पर दो से तीन बड़े लाउडस्पीकर लगवाकर बसों के आगमन व प्रस्थान की सूचना यात्रियों को पूछताछ केंद्र द्वारा प्रदान किया जाए। पुराने कार्यालयों व दूकानों सहित वहां पर स्थित पुलिस चौकी को तोड़ा जाना था, जो कि अभी तक नही हुआ है। इस कारण रोडवेज परिसर में बसों के खड़ी करने की व्यवस्था नही हो पा रही है। बसों के आगमन व प्रस्थान का सही रूट तय नही होने के कारण बस चालक शहर के मध्य से ही रोडवेज जाते है। जिससे जाम लग जाता है। सूरज ने बताया कि परिवन मंत्री ने जल्द ही उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।