आजमगढ़ (ब्यूरो)। तमसा मिशन, विकास भारती विसुनपुर झारखंड की ओर से आयोजित वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ सोमवार को जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने डा. अंबेडकर पार्क में पौधा लगाकर किया।
तमसा मिशन के समन्वयक सुनील राय ने कहा कि तमसा नदी में वर्ष भर पानी उपलब्ध रहे। इसके लिए नदी के आस-पास तीन किलोमीटर तक पौधरोपण आदि के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने डीएम से तमसा नदी का सीमांकन कराने की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमप्रकाश राय ने लोगों से पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। इस मौके पर अखिलेश मिश्र गुड्डू, श्रीकृष्णपाल, कन्हैया निषाद, रामपाल सिंह, रविशंकर तिवारी, माला द्विवेदी, सुनील राय, प्रमोद राय, विनय प्रकाश गुप्त, वशिष्ठ राय, आदि मौजूद रहे। अंत में मीडिया प्रभारी विवेक निषाद ने सभी का आभार प्रकट किया।