अमर उजाला की ओर से शुक्रवार की सुबह आजमगढ़ शहर के सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम से मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 150 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के पांच किमी पुरुष वर्ग में संदीप यादव और बालिका वर्ग में स्नेहा ने बाजी मारी।
स्टेडियम से प्रतियोगिता को कार्यक्रम के प्रायोजक इंजीनियर सुनील कुमार यादव और डीएम नवनीत सिंह ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद रैली शिब्ली चौराहा,पहाड़पुर, तकिया, पुरानी कोतवाली, मुख्य चौक होते हुए अग्रसेन तिराहा पहुंची। वहां से वापस उसी रास्ते स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। मैराथन प्रतियोगिता शुरू होने से पहले तपस्या क्रिएटिव स्कूल की ओर से प्रतिभागियों को जुंबा डांस के जरिए वार्म अप कराया।
इसके बाद दौड़ शुरू हुई। प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद पांच किमी बालक वर्ग की दौड़ में संदीप यादव पहले स्थान पर रहे, उन्हें 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार। दूसरे स्थान पर रहे जुगनू कुमार को 5100 और तीसरे स्थान पर रहे शुभम यादव को 2100 रुपये नगद पुरस्कार दिया गया।
वहीं दो किमी बालक वर्ग की दौड़ में रामप्रवेश चौहान पहले, राजन आर्य द्वितीय और अश्वनि कुमार तीसरे स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग की दो किमी दौड़ प्रतियोगिता में कुमार स्नेहा पहले, रिंकी वर्मा द्वितीय और दीपा चौहान तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रायोजक इंजीनियर सुनील कुमार यादव, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, एडीएम वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन अंपायर अजेंद्र राय, मशूहर होमियोपैथिक चिकित्सक डा. भक्तवत्सल आदि ने खिलाड़ियों में पुरस्कार का वितरण किया।