आजमगढ़। वर्तमान में कोरोना संक्रमण का फैलाव काफी कंट्रोल में है। लेकिन बदलते मौसम व त्यौहारी सीजन के चलते इसके तेज फैलाव की संभावना को देखते हुए शासन सतर्क है। ऐसे में कांटेक्ट ट्रेसिंग को लेकर नई गाइड लाइन जारी की गई है। जिसके तहत अब 15 नहीं बल्कि पॉजिटिव के 25 कांटेक्टों पर नजर रखी जाएगी और सैंपलिंग आदि कराई जायेगी।
कोरोना संक्रमण का दौर अभी जारी है। प्रतिदिन कम संख्या में ही सही नये पॉजिटिव मरीज मिल रहे है। संक्रमितों के कांटेक्ट को ट्रेस कर इसके फैलाव को रोकने की कवायद शुरू से चल रही है। अब तक स्वास्थ्य महकमा हर संक्रमित के 15 कांटेक्ट ट्रेस करता था। लेकिन ठंड के मौसम व त्यौहारी सीजन को देखते हुए शासन ने कांटेक्ट ट्रेसिंग को लेकर नई गाइड लाइन जारी कर दी है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि त्यौहारी व ठंड के मौसम में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शासन ने कोरोना को लेकर नई गाइड लाइन जारी किया है। ऑनलाइन ट्रेनिंग के दौरान इसकी जानकारी दी गई है। इसे लिए स्वास्थ्य कर्मियों को जल्द ही प्रशिक्षित किया जायेगा।
लक्षण वाले मरीज की रिपोर्ट निगेटिव तो होगी टीबी की जांच
नई गाइड लाइन के अनुसार सांस लेने में परेशानी, खांसी, बुखार होने के बाद भी यदि किसी व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आती है तो उस मरीज के टीबी की जांच करायी जायेगी। इतना ही नहीं हर टीबी के मरीज की कोरोना जांच कराई जायेगी। आपरेशन से पहले प्रत्येक मरीज का कोरोना टेस्ट कराया जाना अनिवार्य कर दिया गया है।