आजमगढ़। मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र, आहोपट्टी में रविवार को 15 दिवसीय कौशल सुधार प्रशिक्षण के छठे सत्र का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि लक्ष्मण मौर्य ने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। उन्होंने सभी प्रशिक्षार्थियों से आग्रह किया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ें। ताकि आत्मनिर्भर बन सकें।
मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन लक्ष्मण मौर्य और विशिष्ट अतिथि के तौर पर डॉ. निखिल कुमार सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर, गांधी शताब्दी स्मारक महाविद्यालय, कोयलसा रहे। मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षणार्थियों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉक्टर निखिल कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रशिक्षण से उनके व्यावसायिक कौशल में व्यापक सुधार होगा। उन्होंने स्वरोजगार को अपनाने पर जोर दिया और कहा कि इससे न केवल वे स्वयं रोजगार प्राप्त करेंगे, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करेंगे।
मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य पवन कुमार श्रीवास्तव ने प्रशिक्षणार्थियों के लिए पूरे प्रशिक्षण सत्र के दौरान रोजाना उपस्थिति अनिवार्य बताई। संवाद