कटानी बाजार। सीएमओ डॉ. रविंद्र कुमार ने गुरुवार को सीएचसी परशुरामपुर व पीएचसी महराजगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी पर काफी खामियां मिली, जिस पर सीएमओ ने सीएचसी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए पीएचसी महराजगंज के प्रभारी को यहां का अतिरिक्त प्रभार दे दिया। इसके अलावा सीएचसी पर अनुपस्थित मिले स्वास्थ्य कर्मियों को चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण मांगा। सीएचसी-पीएचसी पर स्वास्थ्य सुविधाओं के बेहतरी की जांच को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार गुरुवार को औचक निरीक्षण करने निकले। सबसे पहले वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परशुरामपुर पहुंचे जहां तमाम खामियां सीएमओ को नजर आई। पूरे परिसर में गंदगी थी तो कई स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित थे। इतना ही नहीं सीएमओ के समक्ष कई मरीजों ने बाहर की दवा डॉक्टरों द्वारा लिखे जाने की शिकायत भी किया। इसके साथ ही डॉक्टरों के समय से न उपस्थित होने की भी शिकायत की गई। इस पर सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय प्रकाश को अधीक्षक पद से हटाते हुए पीएचसी महराजगंज प्रभारी डॉ. प्रवीण कुमार चौधरी को यहां का प्रभारी अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंप दी। इसके साथ ही अनुपस्थित कर्मियों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। सीएचसी के बाद सीएमओ पीएचसी महराजगंज पहुंचे जहां सारी व्यवस्था दुरुस्त नजर आई। यहां भी उन्होंने मरीजों से मिल कर दवा व अन्य सुविधाओं के मिलने के बारे में जानकारी की।
सीएचसी परशुरामपुर की लगातार शिकायतें मिल रही थी। जिसके चलते ही यहां का निरीक्षण किया गया। सीएचसी प्रभारी को हटाने के साथ ही एक फार्मासिस्ट को देवारा जदीद स्वास्थ्य केंद्र पर स्थानांतरित कर दिया गया। इसके अलावा अन्य अनुपस्थित कर्मियों को चेतावनी देने के साथ ही स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डॉ. रविंद्र कुमार, सीएमओ, आजमगढ़।