आजमगढ़। पड़ोसी जनपद मऊ के बेसिक शिक्षाधिकारी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। मऊ के ही सामाजिक संगठन भारत पुनरोत्थान अभियान के जिला समन्वयक अभिषेक सिंह ने यह आरोप शिक्षा निदेशक बेसिक को दिए पत्र में लगाए है। जिस पर शिक्षा निदेशक ने मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक को जांच कर 15 दिनों में आख्या देने का निर्देश दिया है। अभिषेक सिंह ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में तैनाती को लेकर बीएसए मऊ ने मानक की अनदेखी कर शिक्षकों को तैनाती की है। वहीं एनपीआरसी पर विद्यालय प्रबंधक समिति का प्रशिक्षण भी नहीं कराया गया और इस मद में शासन से मिले धन की वसूली कर कागज में प्रशिक्षण संपन्न करा दिया गया। इतना ही नहीं बच्चों को शासन द्वारा दिए जाने वाले ड्रेस, जूता, मोजा, स्वेटर के वितरण में भी मानक की अनदेखी कर खेल किया गया है। नियमत: रेडीमेड ड्रेस बच्चों को नहीं उपलब्ध कराया जाना है, इसके बाद भी बीएसए ने खलीलाबाद व टांडा से रेडीमेड ड्रेस मंगवा कर वितरित करा दिया। इतना ही नहीं बीएसए पर शिक्षक प्रतिनिधियों व अध्यापकों के कार्यालय पहुंचने पर अपमानित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। अभिषेक सिंह के इस शिकायती पत्र पर शिक्षा निदेशक ने एडी बेसिक को जांच सौंपी है और पंद्रह दिनों में जांच कर आख्या देने का निर्देश दिया है।