आजमगढ़। दीपावली पर लक्ष्मी-गणेश की पूजा होती है। हर घर, दुकान व प्रतिष्ठान में लक्ष्मी-गणेश की नई मूर्तियां लाई जाती है। मंगलवार को छोटी दीपावली पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति व पूजन सामग्री की खरीद के लिए बाजार में लोगों का रेला उमड़ा हुआ था। शहर में मुख्य चौक, सिधारी, रैदोपुर, हर्रा की चुंगी, बिलरिया की चुंगी समेत ग्रामीणांचल में हर चट्टी चौराहों पर लक्ष्मी-गणेश के मूर्तियों के साथ ही पूजन सामग्री की दुकानें सजी हुई थी। काफी संख्या में लोगों ने धनतेरस के दिन ही मूर्तियों आदि की खरीद कर ली थी, लेकिन छोटी दीपावली को भी मूर्तियों और पूजन सामग्री की खरीद करने वालों की भीड़ बाजार में उमड़ी हुई थी। प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी मूर्तियों की ज्यादा डिमांड देखने को मिली। वहीं निजामाबाद के शिल्पकारों द्वारा बनाई गई मिट्टी की मूर्तियां भी लोगों में आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य चौक पर शाम होते ही खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ सड़क पर उमड़ पड़ी, जिससे जाम लग गया और लोग परेशान हुए।
आर्टीफीशियल माला की दिखी डिमांड
आजमगढ़। आर्टीफीशियल व फैंसी माला-फूल की सर्वाधिक डिमांड देखने को मिली। काफी संख्या में फेरी वाले घूम-घूम कर ऐसे माला व फूल बेच रहे थे तो वहीं मुख्य चौक पर कई दुकानें भी सजी हुई थी, जिन पर लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। घरों के मुख्य दरवाजों पर सजाने के लिए आकर्षक झूमर बाजार में उपलब्ध थे। प्लास्टिक के फूल भी लोगों को आकर्षित कर रहे थे।